रांची में बड़ा हादसा टला: चलती बस में लगी भीषण आग, 45 यात्रियों की जान बाल-बाल बची

झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। मांडर बाजारटांड़ के पास करीब शाम 5:30 बजे चलती यात्री बस में आग लग गई। बाइक सवार राहगीर की सूझबूझ से बस में सफर कर रहे करीब 45 यात्रियों की जान बच गई। हालांकि, बस से उतरने की जल्दबाजी में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, ‘मोना’ नामक यात्री बस रांची से चतरा जा रही थी। रास्ते में एक बाइक सवार ने बस के पिछले हिस्से से धुआं उठता देखा और तुरंत चालक को सूचना दी। चालक ने बस को सड़क किनारे रोका, तभी उसमें भीषण आग लग गई। यात्रियों में हड़कंप मच गया और सभी एक ही दरवाजे से उतरने की कोशिश करने लगे।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी व बालू की मदद से आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली पुलिस बल के साथ पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
बस चालक और खलासी ने बताया कि बैटरी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। बैटरी बॉक्स में यात्रियों का सामान और टायर रिसोलिंग का सामान भी रखा था। अगर आग उस हिस्से तक पहुंच जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अन्य चित्र



