अन्यरांची

झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: 28 से 30 अक्तूबर तक भारी बारिश और तेज़ हवाओं का अलर्ट

Kusum Kumari
26 अक्टूबर 2025 को 10:37 am बजे
56 बार देखा गया
Weather to take a turn in Jharkhand:Heavy rain and strong wind alert from october 28 to 30

रांची | द वाक्य संवाददाता

झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने को तैयार है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 28 से 30 अक्तूबर तक पूरे राज्य में बारिश की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में तेज़ हवाओं के साथ भारी वर्षा भी हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से में बना गहरा निम्न दबाव क्षेत्र अब चक्रवातीय तूफान में तब्दील होने की ओर बढ़ रहा है। अनुमान है कि 27 अक्तूबर की सुबह तक यह चक्रवात का रूप ले लेगा, जबकि 28 अक्तूबर तक इसके गंभीर चक्रवातीय तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है।

इस चक्रवात का प्रभाव सीधे झारखंड के मौसम पर पड़ेगा। राज्य के संताल, कोल्हान और सिमडेगा प्रमंडल के कई इलाकों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। वहीं अन्य जिलों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।

तेज हवाओं और भारी वर्षा की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह चक्रवात 28 अक्तूबर की रात तक आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा तट को पार कर सकता है। इस दौरान हवाओं की गति 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।

तापमान में गिरावट और ठंड का असर बढ़ेगा

फिलहाल रांची में शनिवार को आंशिक बादल छाए रहे। रांची का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक है। वहीं, गोड्डा जिले का तापमान 35.2 डिग्री तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों के भीतर झारखंड के अधिकांश हिस्सों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है।

मौसम में बदलाव के प्रमुख कारण

* बंगाल की खाड़ी में गहरा निम्न दबाव क्षेत्र का निर्माण

* 27 अक्तूबर को यह चक्रवातीय तूफान का रूप लेगा

* 24 घंटे के भीतर गंभीर चक्रवात में तब्दील होने की संभावना

संताल, कोल्हान और सिमडेगा में भारी वर्षा की चेतावनी

अन्य चित्र

Article image