झारखंड में ‘मोंथा’ का असर: रांची समेत 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, तापमान में आएगी गिरावट

रांची:
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के प्रभाव से झारखंड में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार दोपहर से रांची समेत राज्य के कई इलाकों में बादल छा गए और रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने 31 अक्तूबर तक राज्यभर में वर्षा की संभावना जताई है। इस दौरान 19 जिलों में भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि चक्रवात मोंथा मंगलवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके चलते अगले कुछ दिनों में झारखंड का अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक घट सकता है, जिससे दिन में भी हल्की ठंड महसूस की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य पर इसका प्रभाव 1 नवंबर तक रहने की संभावना है। इसके बाद आसमान साफ होगा और मौसम सामान्य होने लगेगा।
प्रशासन और किसानों को सतर्क रहने की अपील
चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने कहा है कि तेज हवाओं और भारी बारिश से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए उनकी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।
मौसम विभाग ने 28 से 31 अक्तूबर के बीच राज्य में 60 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की संभावना जताई है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को किया हाई अलर्ट
चक्रवात ‘मोंथा’ के खतरे को देखते हुए आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला उपायुक्तों को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की तत्काल बैठक बुलाने और एनडीआरएफ व एसडीआरएफ टीमों की अग्रिम तैनाती की तैयारी करने को कहा है।
मंत्री ने निर्देश दिया है कि बाढ़ या जलभराव की आशंका वाले इलाकों की पहचान कर वहां के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि झारखंड के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में तेज हवा और भारी वर्षा से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है, इसलिए सभी विभाग अलर्ट मोड में रहें।
झारखंड में फिलहाल ‘मोंथा’ का असर दिखने लगा है। बारिश से तापमान में गिरावट और ठंड का अहसास बढ़ गया है। मौसम विभाग और प्रशासन की अपील है कि लोग अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और सावधानी बरतें।
अन्य चित्र



