झारखंड में मौसम ने ली करवट, ठंडी हवाओं का असर शुरू; अगले दिनों में और गिरेगा तापमान

रांची: चक्रवात मोंथा के गुजरते ही झारखंड का मौसम पूरी तरह बदलने लगा है। राज्यभर में सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं का असर महसूस किया जा रहा है, जिससे सर्दी ने दस्तक दे दी है।
मौसम विभाग, रांची के अनुसार, आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में कमी आएगी।
पूर्वानुमान के मुताबिक, राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से कम रहने की संभावना है। विभाग ने बताया कि फिलहाल ठंडी उत्तरी हवाओं का प्रभाव राज्य में बढ़ रहा है, जिससे रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर अगले सप्ताह तक बादल नहीं बनते हैं, तो राज्य में सर्दी का पूरा असर दिखने लगेगा। विभाग ने लोगों को अलर्ट किया है और सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, विशेषकर सुबह और शाम के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह समय विशेष सतर्कता का है, क्योंकि इस मौसम में सर्दी, खांसी और जुकाम जैसी बीमारियां तेजी से फैलती हैं।
राज्य के ग्रामीण इलाकों में भी अब कोहरे की चादर और ओस से भीगी सुबहें सर्दी की आहट दे रही हैं। तापमान में गिरावट के साथ लोग अब घरों में गर्म कपड़े और हीटर निकालने लगे हैं।
अन्य चित्र



