झारखंड में कंपकंपी वाले दिन आ गए: 24 घंटे में 5 डिग्री तक गिरा तापमान, मौसम विभाग ने जताई और ठंड बढ़ने की आशंका

रांची: झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। पिछले 24 घंटे के भीतर राज्य में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है, जिससे ठंड और कनकनी का एहसास बढ़ गया है। रांची में सोमवार को न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री था, जो घटकर 15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बुधवार की सुबह राजधानी समेत कई जिलों में लोगों ने हल्की सर्दी महसूस की।
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले चार दिनों में पारा और नीचे जा सकता है। साफ आसमान और उत्तरी हवाओं के कारण रात का तापमान तेजी से गिर रहा है। विभाग ने कहा कि अगले कुछ दिनों में तापमान 13 डिग्री सेल्सियस या इससे भी कम दर्ज किया जा सकता है।
खूंटी और देवघर में सबसे ज्यादा ठंड
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में सबसे न्यूनतम तापमान खूंटी (13.4°C) में दर्ज किया गया, जबकि देवघर का तापमान भी सामान्य से नीचे रहा। दोनों जिलों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है।
राज्यभर में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री नीचे, जबकि अधिकतम तापमान करीब 3.4 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया है। यानी दिन में हल्की गर्माहट और रात में ठंड का संतुलन बना हुआ है।
अभी साफ रहेगा मौसम, लेकिन बढ़ेगी सर्दी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, झारखंड के अधिकांश हिस्सों में अगले चार दिनों तक आसमान साफ रहेगा। इस दौरान किसी नए मौसम तंत्र के बनने की संभावना नहीं है। हालांकि, सुबह के समय धुंध और ओस की मात्रा बढ़ सकती है।
विभाग ने लोगों को खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सर्दी से बचने की सलाह दी है। रात में बाहर निकलने से पहले गर्म कपड़ों का इस्तेमाल जरूरी बताया गया है।
अन्य चित्र



