झारखंड में कल से तेजी से गिरेगा तापमान, बढ़ेगी ठंड; अगले सात दिन रहेगा शीत प्रभाव

झारखंड में सर्दी अब धीरे-धीरे दस्तक दे रही है। राजधानी रांची, सिमडेगा, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम और बोकारो जैसे दक्षिणी जिलों में सुबह और शाम की ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शनिवार से न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट होगी और ठंडी हवाओं के साथ ठंड बढ़ेगी।
संताल परगना और उत्तर झारखंड में अपेक्षाकृत कम ठंड महसूस की जा रही है, जहाँ तापमान दक्षिणी हिस्सों की तुलना में चार से पाँच डिग्री अधिक है। रांची का न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस, जबकि दक्षिणी जिलों में यह 13 से 16 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून और अक्टूबर की बारिश से वातावरण में नमी बनी हुई है। अब जैसे-जैसे बादल छँट रहे हैं, उत्तर दिशा से ठंडी हवाएँ राज्य में प्रवेश कर रही हैं। आने वाले दिनों में सुबह का कोहरा और कनकनी दोनों बढ़ेंगे।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन रात के तापमान में लगातार गिरावट जारी रहेगी, जिससे झारखंड में सर्दी का असर और गहराएगा।
अन्य चित्र



