गढ़वा में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना में बड़ा घोटाला, आपूर्तिकर्ता ने स्वयं व परिवार को 22 बार दिलाया लाभ

झारखंड की मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना में गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। गढ़वा जिले के रमना प्रखंड के मड़वनिया गांव के एक पंजीकृत आपूर्तिकर्ता उपेंद्र यादव पर आरोप है कि उन्होंने इस योजना का लाभ खुद और अपने परिवार के 22 सदस्यों को कई बार दिलाया।
गव्य विकास विभाग से प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार, उपेंद्र यादव ने वित्तीय वर्ष 2019–20 से 2023–24 के बीच योजना की सहायता राशि अपने रिश्तेदारों के नाम पर निकाली। लाभार्थियों में पत्नी सुषमा देवी, भाई महेंद्र यादव और सुरेंद्र यादव, भौजाइयाँ और अन्य परिजन शामिल हैं।
इनके नाम पर पाँच और दो गाय यूनिट, फॉडर गोदाम, डीप बोरिंग, मिल्किंग मशीन, फॉडर कटिंग मशीन, पनीर-खोआ यूनिट, जैविक खाद और वर्मी कंपोस्ट यूनिट जैसी योजनाएँ स्वीकृत की गईं।
आरोप है कि आपूर्ति के दस्तावेज फर्जी तरीके से तैयार किए गए, जबकि सामग्री की वास्तविक आपूर्ति नहीं हुई।
जिला गव्य विकास पदाधिकारी गिरीश कुमार ने कहा कि “सूची का मिलान कर जांच की जाएगी, दोषियों पर कार्रवाई तय है।” विभागीय सूत्रों के अनुसार, मामले में जिलास्तरीय मिलीभगत की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
News - Piyush Tiwari
अन्य चित्र



