रांची के कांके डैम क्षेत्र में चला बुलडोजर, तीन घर और होटल जमींदोज — प्रशासन ने कहा, सरकारी भूमि पर नहीं बख्शा जाएगा अतिक्रमण

रांची के कांके डैम जलाशय क्षेत्र में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। सदर अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई रातू सीओ रवि कुमार के नेतृत्व में की गई।
अभियान के दौरान तीन घर, एक चहारदीवारी और एक होटल को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन ने बताया कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद अतिक्रमणकारी जमीन खाली नहीं कर रहे थे, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। दोपहर 12 बजे शुरू हुआ यह अभियान तीन बजे तक चला।
होटल वैशाली गार्डन के मालिक राज जायसवाल ने दावा किया कि उनके पास कोर्ट का स्टे ऑर्डर है, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्टे प्लॉट नंबर 499 के लिए था, जबकि कार्रवाई प्लॉट नंबर 504 पर की गई, इसलिए होटल गिराया गया।
अभियान के दौरान खाता नंबर 26, 43, 70 और 58 के विभिन्न प्लॉट्स पर अतिक्रमण हटाया गया। स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए कहा कि जमीन की रसीद और दाखिल-खारिज उनके नाम से हुई है, फिर भी घर तोड़ा गया।
यह कार्रवाई पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (गोंदा डिवीजन) के सहायक अभियंता शुभम की रिपोर्ट के आधार पर की गई, जिसमें कांके डैम क्षेत्र को सरकारी जलाशय भूमि बताया गया था।
प्रशासन ने कहा है कि सरकारी जलाशय क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, लोगों को चेतावनी दी गई कि भूमि खरीदने या निर्माण से पहले राजस्व अभिलेखों और सरकारी प्रतिबंधों की पुष्टि अवश्य करें।
अन्य चित्र



