गिरिडीह में विवादित पत्थर खदान को लेकर खूनी संघर्ष, एक की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के दलिया गांव में मंगलवार सुबह एक विवादित पत्थर खदान को फिर से चालू करने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मृतक की पहचान चचघरा निवासी सुरेश प्रसाद वर्मा (50) के रूप में हुई है। घटना में कई लोग घायल हैं, जिनमें कुछ को गोली लगने की भी सूचना है, हालांकि पुलिस ने गोली चलने की पुष्टि अभी नहीं की है।
सूत्रों के मुताबिक, यह पत्थर खदान कई वर्षों से बंद थी। हाल ही में बिहार के नवादा जिला निवासी राकेश चंद्रा ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर खदान संचालन शुरू कर दिया था। बताया जा रहा है कि स्थानीय लीजधारकों ने उनसे एक समझौता किया था। ग्रामीणों ने जब इस पर आपत्ति जताई तो दोनों पक्षों में विवाद बढ़ता गया और मामला मारपीट व गोलीबारी तक पहुंच गया।
घटना की सूचना मिलते ही जमुआ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को पहले जमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया।
घायलों में साहिल कुमार, शिवम कुमार सिंह, और सोनू कुमार यादव शामिल हैं। सुरेश प्रसाद वर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, दलिया निवासी अरविंद वर्मा (27) को पैर में गोली लगी है और उनका इलाज चल रहा है। ग्रामीण पक्ष से रीतलाल प्रसाद वर्मा के सिर में चोट आई है।
इस संबंध में एसडीओपी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि यह खदान जय बाबा स्टोन के नाम से लीज पर है। ग्रामीणों और लीज संचालक के बीच झड़प हुई है। पुलिस ने घटनास्थल पर कैंप कर स्थिति को नियंत्रित रखा है। गोली चलने की पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।
अन्य चित्र



