बिरसा मुंडा की विरासत को दर्शाते ड्रोन शो के साथ झारखंड की रजत जयंती समारोह जारी; शगुन और शिल्पा राव की प्रस्तुति आज

झारखंड स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने पर रविवार को भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। दिन की शुरुआत डोरंडा स्थित जैप-1 सभागार से निकली जतरा से होगी, जो कचहरी चौक से गुजरते हुए जेल पार्क में समाप्त होगी। इस जतरा में लगभग 4,000 कलाकार राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं का प्रदर्शन करेंगे।
बिरसा मुंडा की गाथा को दर्शाएगा ड्रोन शो
शाम में मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाला भव्य ड्रोन शो धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और सांस्कृतिक योगदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा। इसके साथ ही एक विशेष ऑडियो-विज़ुअल प्रस्तुति भी होगी।
लोक, शास्त्रीय और फ्यूजन प्रस्तुतियों की तैयारी
कार्यक्रम का मुख्य थीम रिदम ऑफ फोक रखा गया है, जिसमें शामिल होंगे—
संथाली, खड़िया और नागपुरी नृत्य
शास्त्रीय नृत्य—कत्थक, भरतनाट्यम, ओडिसी
फ्यूजन नृत्य—शास्त्रीय और आधुनिक शैलियों का समन्वय
इसके साथ ही इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक और प्रसिद्ध बॉलीवुड गायिका शिल्पा राव की विशेष प्रस्तुति भी दर्शकों को आकर्षित करेगी।
इन सभी कार्यक्रमों का आयोजन पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार और संस्कृति निदेशक आसिफ इकराम की देखरेख में किया जा रहा है।
अन्य चित्र



