झारखंड विधानसभा ने पूरे किए 25 वर्ष, धनबाद के विधायक राज सिन्हा को मिला ‘उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार’

झारखंड विधानसभा ने अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर शनिवार को रांची स्थित विधानसभा परिसर में भव्य रजत जयंती समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर सीमा एवं नक्सल अभियानों में शहीद हुए जवानों, राज्य के पदक विजेताओं और विधानसभा के छह कर्मियों को सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार, जिसे इस वर्ष धनबाद विधायक राज सिन्हा को दिया गया। श्री सिन्हा लगातार तीसरी बार धनबाद से विधायक चुने गए हैं और उन्हें सदन की कार्यवाही में सक्रिय, अनुशासित और प्रभावी भागीदारी के लिए यह सम्मान दिया गया।
उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार की परंपरा
यह पुरस्कार वर्ष 2001 में भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति को समर्पित करते हुए प्रारंभ किया गया था, ताकि विधायकों को उच्च स्तर के विधायी आचरण के लिए प्रेरित किया जा सके। पुरस्कार के पहले विजेता भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के विश्वेश्वर खाँ थे। वर्ष 2024 का पुरस्कार रामचंद्र सिंह को दिया गया था।
यह सम्मान उन विधायकों को प्रदान किया जाता है जो सदन में अनुकरणीय सक्रियता, जनहित की आवाज़ को प्रभावी ढंग से उठाने और सदन की गरिमा बनाए रखने में उल्लेखनीय योगदान देते हैं।
दो सत्रों में हुआ आयोजन
रजत जयंती समारोह दो सत्रों में आयोजित हुआ—
पहले सत्र में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
दूसरे सत्र में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ हुईं, जिनमें हास्य कवि दिनेश बांवरा, गायक कुमार राठौर और कई प्रमुख कलाकार शामिल हुए।
अन्य चित्र



