झारखंड में नया कानून लाएगी सरकार: अधिकारी खुद पहुंचेंगे जनता के दरवाजे – मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार जनता के हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि राज्य में जल्द ही एक नया कानून लागू किया जाएगा, जिसके तहत लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके बजाय अधिकारी खुद गांव-गांव और पंचायत-पंचायत जाकर लोगों की परेशानियां सुनेंगे और मौके पर समाधान करेंगे।
मुख्यमंत्री शनिवार को घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के मऊभंडार स्थित ताम्र प्रतिभा मंच मैदान में झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य के कई लोगों के जन्म प्रमाणपत्र और खतियान में त्रुटियों की शिकायतें मिली हैं, जिन्हें चुनाव के बाद सुधारा जाएगा।
भाजपा पर निशाना साधते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य गठन के बाद भाजपा सरकार ने झारखंड के विकास को रोकने का काम किया। उन्होंने एक-एक कर सरकारी उद्योगों को बंद कर निजी हाथों में बेच दिया, जिससे राज्य के लोग बेरोजगारी और भुखमरी की स्थिति में पहुंच गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में भाजपा की जड़ें हिलाना शुरू किया गया और 2019 में उसे सत्ता से बेदखल कर गरीबों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती दी गई। उन्होंने जनता से अपील की कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सोमेश चंद्र सोरेन को विजयी बनाएं।
अंत में हेमंत सोरेन ने कहा, “राज्य की जनता की परेशानी ही हमारी परेशानी है। उसे दूर करने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी।”
इस अवसर पर परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा, उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार, सिंहभूम सांसद जोबा मांझी, ईचागढ़ विधायक सबिता महतो और पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अन्य चित्र



