तीन राज्यों से सटी झारखंड सीमा पर बने 68 अस्थायी चेकपोस्ट, घाटशिला में तैनात की गई 20 कंपनियां

घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान को लेकर झारखंड की सीमाओं पर सुरक्षा सख्त कर दी गई है। बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से सटी झारखंड की सीमाओं पर 68 अस्थायी चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहां 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
चेकपोस्टों पर जवानों की तैनाती की गई है ताकि मादक पदार्थ, अवैध नकदी, शराब या अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की आवाजाही को रोका जा सके। घाटशिला क्षेत्र से पश्चिम बंगाल और ओडिशा की सीमाएं सटी हुई हैं, जबकि बिहार से सटे रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका, भागलपुर और कटिहार जिलों में आज मतदान हो रहा है।
इन आठ जिलों की सीमाओं पर 52 अस्थायी चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, ओडिशा के मयूरभंज और पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम और पुरुलिया में भी अतिरिक्त चौकियां स्थापित की गई हैं।
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की 10, जैप व आईआरबी की 6 और झारखंड जगुआर की 4 कंपनियां घाटशिला में तैनात की गई हैं। साथ ही, जिला सशस्त्र बल के जवान भी बूथों और चेकपोस्टों पर सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए हैं।
हर चेकपोस्ट पर सघन जांच और 24 घंटे निगरानी जारी है ताकि कोई भी असामाजिक तत्व चुनाव प्रक्रिया में खलल न डाल सके।
अन्य चित्र



