22 नवंबर को झारखंड विधानसभा का रजत जयंती समारोह; सम्मान-समारोह और रूप कुमार राठौर की सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी मुख्य आकर्षण

झारखंड विधानसभा अपना रजत जयंती स्थापना दिवस 22 नवंबर को मनाएगी। समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में कार्यक्रम, प्रोटोकॉल और आगंतुकों के लिए आवश्यक प्रबंधों की गहन समीक्षा की गई।
शहीदों, खिलाड़ियों और विशिष्ट नागरिकों को किया जाएगा सम्मानित
स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम सुबह 11 बजे विधानसभा परिसर में आरंभ होगा, जिसमें—
देश की सीमा पर अथवा नक्सल अभियान में शहीद हुए झारखंड के वीर पुलिसकर्मियों और सैनिकों का सम्मान,
शांतिकाल में वीरता पदक प्राप्त अधिकारियों का सम्मान,
झारखंड के प्रतिष्ठित खिलाड़ियों का सम्मान,
और राष्ट्रपति पदक से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ताओं को अभिनंदन—
किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त सभी पूर्व विधानसभा अध्यक्षों और सभी पूर्व विधायकों को भी सम्मानित किया जाएगा।
यह समारोह झारखंड की संस्थागत और सांस्कृतिक यात्रा को रेखांकित करता है।
सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुति
शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आरंभ होगा, जिसमें प्रस्तुति देंगे—
रूप कुमार राठौर, प्रख्यात गायक
डा॰ दिनेश बावरा, कवि
रविन्द्र जानी, हास्य कवि व कलाकार
इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों— प्रमान्द नन्दा, मृणालनी अखोरी, टॉम मुर्मू और सुमी श्रेया— द्वारा लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे, जो झारखंड की लोक-संस्कृति का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आगंतुकों के आवागमन और आवास के लिए निर्देश
उच्चस्तरीय बैठक में अध्यक्ष ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि:
अतिथि एवं विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन,
आवासीय आवश्यकताओं,
तथा यातायात व सुरक्षा व्यवस्था
के लिए समुचित और समन्वित तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
अन्य चित्र



